Sunday, 11 August 2013

भाजपा नेता रणधीर सिंह भींडर ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर की शिकायत

लेकसिटी लाइव, उदयपुर। उदयपुर जिले के वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर ने मतदाता सूची में फर्जी नाम जोडऩे को लेकर रविवार को चुनाव आयोग को पत्र लिखकर शिकायत की है। उन्होंने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर बताया है, कि वल्लभनगर विधान सभा क्षेत्र में कुछ सरकारी कर्मचारी मतदाता सूचियों में फर्जी नाम जोड़ रहे हैं।




भींडर ने बताया कि कुछ सरकारी कर्मचारी बूथ लेवल अधिकारियों पर दबाव डालकर ऐसे लोगों के नाम भी मतदाता सूचियों में जुड़वा रहे हैं जो कि वल्लभनगर विधान सभा क्षेत्र में निवास ही नहीं कर रहे है। यह इसलिए किया जा रहा है ताकी सत्तारूढ़ पार्टी को विधानसभा चुनाव में लाभ पहुंच सके।




पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार के कुछ चहेते अधिकारी इसमें शामिल है। ऐसे अधिकारियों का हाल ही में सरकार ने विधानसभा क्षेत्र में तबादला किया है। ऐसे में इसकी जांच करवाकर कार्रवाई की जाए।